रांची: भारतीय जनता पार्टी झारखंड में 2 नवंबर से लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ अभियान के तहत एक व्यापक राज्यव्यापी पदयात्रा शुरू करने जा रही है। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देशों के अनुसार, इस अभियान के पहले चरण की शुरुआत दीपावली से पूर्व राज्य के छह प्रमुख जिलों से होगी, जबकि बाकी जिलों में पदयात्रा कार्यक्रम छठ महापर्व के बाद आयोजित किए जाएंगे।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि पदयात्रा के पहले चरण के तहत 2 नवंबर को राजधानी रांची में कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके बाद 3 नवंबर को गिरिडीह व हजारीबाग, 4 नवंबर को पलामू और 5 नवंबर को जमशेदपुर व दुमका जिले में पदयात्रा निकाली जाएगी। इन आयोजनों को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए पार्टी ने जिलावार प्रभारियों की नियुक्ति कर दी है। रांची की पदयात्रा की जिम्मेदारी स्वयं प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह को सौंपी गई है। गिरिडीह के लिए प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी, हजारीबाग के लिए पूर्व विधायक बिरंची नारायण, पलामू के लिए प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा, जमशेदपुर के लिए विधायक राज सिन्हा और दुमका के लिए प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा को प्रभारी बनाया गया है।

अभियान के उद्देश्यों पर बात करते हुए मनोज सिंह ने कहा कि कांग्रेस द्वारा चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर सवाल उठाना उसकी चुनावी हताशा को दर्शाता है। कांग्रेस चुनाव में हार के बाद लोकतांत्रिक संस्थाओं को निशाना बनाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि आपातकाल के दौरान संविधान और लोकतंत्र की मर्यादाओं को तार-तार करने वाली कांग्रेस आज किस मुंह से लोकतंत्र की बात कर रही है।
पार्टी इस पदयात्रा के माध्यम से मतदाताओं को एसआईआर प्रक्रिया के प्रति जागरूक करेगी ताकि मतदाता सूची को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाया जा सके। इसके साथ ही, कार्यकर्ताओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों, सुशासन और विकास कार्यों को भी जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। भाजपा का कहना है कि यह अभियान देश और राज्य में लोकतांत्रिक मूल्यों तथा संवैधानिक गरिमा को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम साबित होगा।


