विवेक शर्मा

रांची: राजधानी रांची को स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं के मामले में स्मार्ट व हाइटेक बनाने की दिशा में रांची नगर निगम ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ और अधिक सुलभ बनाने के उद्देश्य से राजधानी के प्रमुख स्थानों पर आधुनिक ‘एस्पिरेशनल टॉयलेट’ का निर्माण कराया जा रहा है। इस योजना के तहत रांची नगर निगम शहर भर में कुल 135 कंक्रीट (स्थाई) टॉयलेट का निर्माण करा रहा है। इन टॉयलेट्स को इस प्रकार डिजाइन किया जा रहा है कि शहरवासियों, विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगों, थर्ड जेंडर और छोटे बच्चों के साथ यात्रा करने वाली माताओं को किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।

महिलाओं और माताओं पर विशेष ध्यान
इन एस्पिरेशनल टॉयलेट्स में सामान्य सुविधाओं के अलावा कई आधुनिक सुविधा शामिल की गई हैं। महिलाओं की सुविधा और स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए इनमें सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन स्थापित की जाएगी, जिससे जरूरत के समय आसानी से सेनेटरी नैपकिन उपलब्ध हो सकेंगे। इसके साथ ही प्रयोग किए गए पैड्स के सुरक्षित निस्तारण के लिए इंसिनरेटर या सुरक्षित डिस्पोजल प्रणाली भी जोड़ी जाएगी। छोटे बच्चों के साथ घर से बाहर निकलने वाली महिलाओं की सहूलियत के लिए इन एस्पिरेशनल टॉयलेट्स में शिशुओं को दूध पिलाने (फीडिंग) और डायपर बदलने के लिए एक अलग, सुरक्षित और स्वच्छ ‘फीडिंग रूम’ की व्यवस्था भी रहेगी। निगरानी के लिए बाहर सीसीटीवी भी लगाए जाएंगे।
टॉयलेट्स का बजट आवंटन
परियोजना के बेहतर क्रियान्वयन और उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सरकार की ओर से पर्याप्त बजट का आवंटन किया गया है। उच्च सुविधाओं से लैस प्रति एस्पिरेशनल टॉयलेट यूनिट के निर्माण के लिए 35 लाख रुपये का बजट प्रदान किया गया है। योजना के तहत बाकी 115 टॉयलेट्स के लिए प्रति यूनिट 30 लाख रुपये की राशि आवंटित की गई है।
डिजिटल फीडबैक सिस्टम से लैस होंगे टॉयलेट
सफाई की गुणवत्ता बनाए रखने और आम लोगों के अनुभवों को तुरंत जानने के लिए इन सभी स्थाई टॉयलेट्स में डिजिटल ‘फीडबैक सिस्टम’ भी स्थापित किया जाएगा। टॉयलेट का उपयोग करने वाले लोग वहां लगे डिजिटल डिवाइस या क्यूआर कोड के जरिए स्वच्छता, पानी की उपलब्धता और रख-रखाव पर अपना फीडबैक दे सकेंगे। इस व्यवस्था से नगर निगम को समय पर साफ-सफाई की स्थिति की निगरानी करने और कमियों को तुरंत सुधारने में मदद मिलेगी। रांची नगर निगम की असिस्टेंट हेल्थ ऑफिसर डॉ किरण कुमारी ने बताया कि इंजीनियरिंग सेेक्शन टॉयलेट का निर्माण करा रहा है। जिनका ऑपरेशन निगम का स्वच्छता विभाग करेगा। बजट के अनुसार टॉयलेट में सुविधाएं दी जाएगी।
हाई लाइट्स
सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन और फीडिंग कराने की भी व्यवस्था
135 कंक्रीट टॉयलेट का निर्माण करा रहा है रांची नगर निगम
एस्पिरेशनल टॉयलेट के लिए प्रति यूनिट मिले हैं 35 लाख रुपए
115 टॉयलेट के लिए प्रति यूनिट 30 लाख का आवंटन
फीडबैक सिस्टम से लैस होंगे शहर के स्थाई टॉयलेट


