चेन्नई: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने जेल से कैदियों के फरार होने की 26 अक्टूबर को हुई घटना के सिलसिले में ड्यूटी में लापरवाही और सुरक्षा में चूक को लेकर थेक्कमपट्टी उप जेल के प्रभारी जेल उपाधीक्षक को निलंबित करने और जेल कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू करने का शनिवार को आदेश दिया। थेनी जिले की उप-जेल में हुई इस घटना में 17 कैदी फर्जी चिकित्सीय आपात स्थिति का नाटक करके जेल प्रहरियों पर काबू पाने के बाद फरार हो गए थे। हालांकि, बाद में सभी को पकड़ लिया गया था।

मुख्यमंत्री विजय ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए कर्त्तव्य में लापरवाही और सुरक्षा संबंधी चूक के लिए जेल अधिकारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इन निर्देशों में जेल उपाधीक्षक (प्रभारी) एन. रामलिंगम को अगले आदेश तक तत्काल प्रभाव से निलंबित करना और राज्यभर में जेल के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों का रणनीतिक फेरबदल करना शामिल है।

तमिलनाडु के थेनी जिले की उप-जेल से 26 अक्टूबर 2026 की रात 17 विचाराधीन कैदी जेलकर्मियों पर हमला करके उन पर काबू पाने के बाद फरार हो गए थे। हालांकि, सुरक्षा में सेंध की सूचना मिलने के बाद तमिलनाडु पुलिस ने कई एजेंसियों के साथ मिलकर बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया और 17 फरार कैदियों को कुछ ही समय में पकड़कर सुरक्षित तरीके से दोबारा हिरासत में पहुंचा दिया। पुलिस ने ड्रोन की मदद से जेल से दूर झाड़ियों में छिपे आठ कैदियों का पता लगाने और उन्हें पकड़ने में भी सफलता हासिल की। इस घटना को गंभीर लापरवाही, सुरक्षा खामी और सतर्कता की कमी का नतीजा मानते हुए मुख्यमंत्री विजय ने जेल विभाग को दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया। इसके बाद थेनी जिले की उप-जेल का छह अगस्त 2024 से अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे उप जेलर एन. नागेश्वरन को 30 अक्टूबर 2026 से निलंबित कर दिया गया।
तमिलनाडु सिविल सेवा (अनुशासन एवं अपील) नियमों के तहत जारी निलंबन आदेश में कहा गया है कि वह कैदियों और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की उचित निगरानी, नियंत्रण और सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल रहे। उनका निलंबन अगले आदेश तक जारी रहेगा। इसके अलावा, जेल प्रशासन में व्यापक बदलाव करने, जवाबदेही सुनिश्चित करने और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के उद्देश्य से सरकार ने वरिष्ठ अधिकारियों के तत्काल तबादले के आदेश भी दिए हैं।
मदुरै केंद्रीय जेल के अधीक्षक आर. कृष्णराज का तबादला करके उन्हें सलेम केंद्रीय जेल का अधीक्षक नियुक्त किया गया है। मुख्यमंत्री ने जेल विभाग के अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि उन्हें जेलों की सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक रोकने के लिए पूरी निष्ठा, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी और भविष्य में सुस्ती, लापरवाही या कर्तव्य के प्रति उदासीनता बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जेल से कैदियों के फरार होने की घटना के बाद राज्य सरकार ने पुलिस महानिदेशक (कारागार) संदीप राय राठौर का भी तबादला करके उन्हें तमिलनाडु विद्युत उत्पादन एवं वितरण निगम (टैंगेडको) में मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) नियुक्त किया है। वहीं के. शंकर को कारागार एवं सुधार सेवाओं का नया अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) बनाया गया है।


