सहकारी समितियों की लेखा परीक्षा पर मार्गदर्शिका तैयार करेगा आईसीएआई

आईसीएआई बहु-राज्य सहकारी समितियों की लेखा परीक्षा के लिए नई मार्गदर्शिका तैयार करेगा। MSCARO-2026 से वित्तीय पारदर्शिता, नियामकीय अनुपालन और ऑडिट प्रक्रिया में एकरूपता लाने में मदद मिलेगी।

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नयी दिल्ली : चार्टर्ड अकाउंटेंट का शीर्ष निकाय भारतीय सनदी लेखाकार संस्थान (आईसीएआई) बहु-राज्य सहकारी समितियों की लेखा परीक्षा के लिए लागू नई रूपरेखा पर एक मार्गदर्शिका जारी करने की योजना बना रहा है। सहकारिता मंत्रालय ने 14 अक्टूबर को बहु-राज्य सहकारी समितियां (लेखा परीक्षक की रिपोर्ट) आदेश, 2026 (एमएससीएआरओ-2026) अधिसूचित किया था। इस व्यवस्था को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। आईसीएआई के अध्यक्ष प्रसन्न कुमार डी ने शुक्रवार को कहा कि एमएससीएआरओ से वित्तीय और नियामकीय अनुपालन से जुड़े जोखिमों का समय पर पता लगाने, निगरानी व्यवस्था मजबूत करने और जरूरत पड़ने पर सुधारात्मक कदम उठाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने बयान में कहा, ”एमएससीएआरओ, 2026 लागू होने से लेखा परीक्षा रिपोर्ट को अधिक व्यवस्थित स्वरूप मिलेगा। इससे लेखा परीक्षक सहकारी समितियों के वित्तीय कामकाज के महत्वपूर्ण पहलुओं की जांच कर सकेंगे, संभावित अनियमितताओं का पता लगा सकेंगे और प्रशासन से जुड़ी चिंताओं की पहचान कर सकेंगे।” आईसीएआई ने कहा कि सहकारी क्षेत्र में लेखा परीक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए वह नई रूपरेखा पर एक मार्गदर्शिका तैयार कर रहा है।

संस्थान के अनुसार, इस मार्गदर्शिका का उद्देश्य लेखा परीक्षकों को लेखा परीक्षा से संबंधित प्रमुख पहलुओं पर व्यवस्थित जानकारी देना, जांच की प्रक्रिया में एकरूपता लाना और कानूनी एवं नियामकीय आवश्यकताओं के अनुपालन को मजबूत करना है। एमएससीएआरओ को भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई), आईसीएआई, भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) और सहकारी समितियों से मिले सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।