कोलकाता : पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी द्वारा पुलिस को चेतावनी दिये जाने के बाद शुक्रवार को दावा किया कि सांसद ‘सोडियम-पोटेशियम असंतुलन’ के कारण बेतुकी बातें कर रहे हैं। अभिषेक बनर्जी ने चेतावनी दी थी कि सत्ता में आने पर उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं को झूठे मामलों में फंसाने वाले किसी भी पुलिस अधिकारी को बख्शा नहीं जायेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभिषेक बनर्जी के सहयोगियों ने पुलिस द्वारा गिरफ्तार किये जाने के बाद उनके राज खोल दिए हैं, सांसद को शायद इस बात का पता चल गया होगा,जिससे वह अपना संतुलन खो बैठे। शुभेंदु ने अभिषेक की टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर कहा, ‘‘उन्हें (अभिषेक को) सोडियम-पोटेशियम असंतुलन की समस्या हो सकती है। उन्हें (इलाज केलिए) न्यूयॉर्क जाने दें। हम जरूरी अनापत्ति प्रमाणपत्र दे देंगे।’’

मुख्यमंत्री यहां सॉल्ट लेक स्थित भाजपा कार्यालय में संवाददाताओं को संबोधित कर रहे थे। सोडियम-पोटेशियम असंतुलन तब होता है जब किसी व्यक्ति के शरीर में इन महत्वपूर्ण खनिजों का स्तर सामान्य सीमा से अधिक हो जाता है और इस कारण शरीर में तरल पदार्थों का संतुलन और हृदय की धड़कन असामान्य हो जाती है। डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी ने बृहस्पतिवार को पुलिस अधिकारियों को ‘मुख्यमंत्री को खुश करने के लिए तृणमूल कार्यकर्ताओं को झूठे मामलों में फंसाने के विरुद्ध चेताया था।
पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा था, ‘‘जो लोग मुख्यमंत्री को खुश करने और अच्छे पदस्थापन पाने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें सरकार बदलने के बाद इसके नतीजे भुगतने पड़ेंगे।’’


