रांची: रांची विश्वविद्यालय (आरयू) के रिसर्च निदेशालय ने पीएचडी में नामांकन के लिए अभ्यर्थियों के एकेडमिक मार्क्स जारी कर दिए हैं। नामांकन के लिए कुल 100 अंकों का निर्धारण किया गया है, जिसमें नेट/गेट/एमफिल या एकेडमिक मार्क्स के लिए 70 अंक और इंटरव्यू के लिए 30 अंक शामिल हैं। यदि किसी अभ्यर्थी को जारी किए गए एकेडमिक मार्क्स में कोई आपत्ति हो, तो वे साक्ष्य के साथ 2 नवंबर (शाम 5 बजे तक) ईमेल (directorresearch@ranchiuniversity.ac.in) के माध्यम से अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। निदेशालय ने अभ्यर्थियों द्वारा जमा किए गए अंक पत्र व सर्टिफिकेट के अनुसार 70 अंक के फॉर्मूले के तहत एकेडमिक मार्क्स तय कर इसे जारी किया है।

46 अभ्यर्थियों ने नहीं जमा किए अंक पत्र

विवि रिसर्च निदेशक डॉ. परवेज हसन के अनुसार, ऐसे 46 अभ्यर्थी हैं जिन्होंने अपने एकेडमिक अंक पत्र व सर्टिफिकेट जमा नहीं किए हैं, जिससे उनका एकेडमिक मार्क्स तय नहीं हो सका है। ऐसे सभी अभ्यर्थियों को दो दिन के अंदर वांछित प्रमाण पत्र (स्कोर कार्ड) जमा करने का निर्देश दिया गया है। यदि निर्धारित समय के भीतर प्रमाण पत्र जमा नहीं किए जाते हैं, तो उनकी उम्मीदवारी रद्द कर दी जाएगी। इसके अलावा, आठ ऐसे अभ्यर्थी भी हैं जिनके अपलोड किए गए प्रमाण पत्र और इंटरव्यू के समय दिए गए मूल प्रमाण पत्र में अंतर (मिसमैच) पाया गया है, जिसके कारण उनका रिजल्ट पेंडिंग कर दिया गया है। इनमें सीरियल नंबर 165, 276, 333, 335, 386, 424, 445 और 565 शामिल हैं। आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरक्षण रोस्टर का पालन करते हुए फाइनल चयन सूची जारी की जाएगी। कई मामलों में परसेंटाइल स्कोर या दिसंबर 2018 से पहले जारी किए गए रिजल्ट के लिए कोई अंक नहीं दिए गए हैं।


