रांची: सीआईडी (CID) एसआईटी (SIT) ने सीजीएल परीक्षा में हुई अनियमितता और गड़बड़ियों के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। परीक्षा का संचालन करने वाली एजेंसी ‘आईसीएन इंडिया’ के निदेशक मिथिलेश सिंह के दो रिश्तेदारों को गिरफ्तार किया गया है। हटिया के टंगराकोड़ स्थित सिंह मेंशन से सुमित सिंह को, जबकि भानु प्रताप सिंह को टैगोर हिल स्थित रवीन्द्र नगर से गिरफ्तार किया गया। इनमें से आरोपी भानु प्रताप सिंह वर्तमान में सीजीएल परीक्षा में सफल होकर नौकरी भी कर रहा था। गिरफ्तारी के बाद सीआईडी ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

जांच में यह खुलासा हुआ है कि निदेशक मिथिलेश सिंह के रिश्तेदार सुमित सिंह और भानु ने सुमित से एक दर्जन अभ्यर्थियों को मोरहाबादी के रवीन्द्रनगर स्थित आवास में उत्तर रटवाए थे। परीक्षा में ये सभी अभ्यर्थी सफल भी रहे थे। जांच के अनुसार, मिथिलेश सिंह ने अपने चालक व रिश्तेदार सुमित के जरिए अभ्यर्थियों को भानु के आवास पर भिजवाया था। वहां तत्कालीन अभ्यर्थी भानु ने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर अभ्यर्थियों को सवाल-जवाब याद कराए थे। पूछताछ में अभ्यर्थियों द्वारा नाम उजागर किए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई है।



