दिल्ली में सियासी संग्राम: मुख्य चुनाव आयुक्त और कथित वोट चोरी के खिलाफ ‘इंडिया’ गठबंधन का ‘जन महाभियोग’ आज, कल होगी ‘महारैली’

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ INDIA गठबंधन का जन महाभियोग कार्यक्रम आज होगा। एक नवंबर को रामलीला मैदान में महारैली के जरिए विपक्ष अपनी ताकत दिखाएगा।

4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली/रांची: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘इंडिया’ गठबंधन का ‘जन महाभियोग’ कार्यक्रम आज शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के 10, राजाजी मार्ग स्थित आवास पर दोपहर ढाई बजे होगा। पहले यह कार्यक्रम शुक्रवार को होना था, मगर खराब मौसम और बारिश के कारण इसे स्थगित कर एक दिन आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया। खराब मौसम को देखते हुए विपक्षी दलों के नेताओं ने खड़गे के आवास पर बैठक की, जिसमें नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, झामुमो की राज्यसभा सांसद महुआ माझी, सीपीआई के पी. संदोष कुमार, सीपीएम के जॉन ब्रिटास, टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन, केरल कांग्रेस के जोश के मणि और सपा के धर्मेंद्र यादव शामिल हुए।

एक नवंबर को रामलीला मैदान में ‘महारैली’ की बड़ी तैयारी

एक नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली ‘इंडिया’ गठबंधन की ‘महारैली’ की व्यापक तैयारियां की गई हैं। मैदान में तिरंगे रंग का विशाल पंडाल बनाया गया है और विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों के लिए अलग मंच बनाए गए हैं। कांग्रेस ने इस रैली में 10 लाख लोगों के जुटने का दावा किया है। रैली को लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।

कार्यकर्ताओं को दिल्ली आने से रोका जा रहा

बैठक के बाद राहुल गांधी सहित संयुक्त नेताओं ने एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी रणनीति स्पष्ट की। राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश, राजस्थान और तेलंगाना सहित कई राज्यों से आने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों को दिल्ली आने से रोकने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 1 नवंबर को रामलीला मैदान में पता चल जाएगा कि कितने लोग पहुंचने हैं और कितने लोगों को रोका गया। हालांकि, भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने इस आरोप का खंडन किया है।

‘जन महाभियोग’ और साझा आंदोलन की रूपरेखा राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि ‘जन महाभियोग’ और रामलीला मैदान का यह कार्यक्रम लोकतंत्र को कमजोर करने के खिलाफ विपक्ष के संघर्ष का हिस्सा है। यह अलग-अलग राजनीतिक दलों का अलग-अलग प्रदर्शन नहीं, बल्कि एक साझा आंदोलन है। झामुमो सांसद महुआ माझी ने भी कहा कि विपक्षी गठबंधन पूरी तरह एकजुट है और इस अभियान में राजनीतिक दलों के साथ-साथ नागरिक समाज, छात्र, युवा, कामगार और महिलाएं भी शामिल हैं।

‘जन महाभियोग’ कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार करेंगी। इसमें मल्लिकार्जुन खड़गे सीईसी के विरुद्ध प्रस्ताव पेश करेंगे, विपक्षी दलों के प्रतिनिधि अपनी बात रखेंगे और जिनका नाम मतदाता सूची से काटा गया है, ऐसे सिविल सोसाइटी के प्रतिनिधियों को भी अपनी बात रखने का मौका दिया जाएगा। अंत में राहुल गांधी समापन वक्तव्य देंगे। विपक्ष का मुख्य आरोप है कि मतदाता सूची के एसआईआर में अनियमितताएं हुई हैं और वास्तविक मतदाताओं के नाम काटे गए हैं, इसलिए विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त की जवाबदेही तय करने और उनके इस्तीफे की मांग कर रहा है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।