जी20 के विदेश मंत्री अटलांटा में प्रमुख मुद्दों पर सहमति के बिना बैठक समाप्त करेंगे

अटलांटा में जी-20 विदेश मंत्रियों की बैठक बिना साझा बयान के खत्म होगी। रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर मतभेद गहराए, जिसके चलते अमेरिकी विदेश मंत्री अध्यक्षीय बयान जारी करेंगे।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

अटलांटा: दुनिया की 20 सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के समूह जी-20 के विदेश मंत्री शनिवार को अटलांटा में दो दिवसीय बैठक प्रमुख मुद्दों पर सहमति के बिना समाप्त करेंगे। वार्ता के दौरान वैश्विक सुरक्षा से जुड़े कई अहम मुद्दों पर सहमति नहीं बन पाई और बैठक की शुरुआत से ही मतभेद हावी रहे, खासकर यूक्रेन के खिलाफ रूस के हमले को लेकर नाराजगी दिखी।

सूत्रों के अनुसार, इसके परिणामस्वरूप समूह संयुक्त बयान जारी नहीं करेगा, बल्कि बैठक में हुई चर्चा का सार प्रस्तुत करने वाला अध्यक्षीय बयान जारी किया जाएगा। बैठक में शामिल राजनयिकों के अनुसार, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो बैठक के समापन पर यह बयान जारी करेंगे। रुबियो ने वार्ता की शुरुआत एकजुटता की अपील के साथ की थी, लेकिन शुक्रवार को उन्होंने विदेश मंत्रियों की पारंपरिक समूह तस्वीर लेने का कार्यक्रम रद्द कर दिया। यूरोपीय राजनयिकों ने इसमें रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव को शामिल किए जाने पर आपत्ति जताई थी और तस्वीर खिंचवाने के दौरान बहिष्कार करने या वहां से चले जाने की चेतावनी दी थी।

पोलैंड के विदेश मंत्री रादोस्लाव सिकोरस्की ने शुक्रवार को कहा कि उन्हें इस बात पर आश्चर्य नहीं है कि बैठक में आम सहमति नहीं बन पाई। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘युद्ध चल रहे हैं और उन युद्धों में शामिल देश भी वार्ता की मेज पर मौजूद हैं। ऐसे में किसी साझा रुख पर सहमत होना बेहद मुश्किल है।’’

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।