रांची: भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत रांची स्थित नगड़ी में बने ईवीएम वेयरहाउस का शनिवार 31 अक्टूबर को मासिक बाह्य निरीक्षण किया गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने स्वयं मौके पर पहुंचकर वेयरहाउस की सुरक्षा, रखरखाव और तकनीकी तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पूरे परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता और निगरानी तंत्र का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वेयरहाउस के संचालन और सुरक्षा से जुड़े आयोग के प्रत्येक मानक व नियम का कड़ाई से पालन होना चाहिए। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए।

उपायुक्त ने उप निर्वाचन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर हर महीने वेयरहाउस की सुरक्षा, तकनीकी स्थिति और रखरखाव से जुड़ी विस्तृत रिपोर्ट निर्वाचन आयोग को भेजी जाए। इस निरीक्षण के दौरान स्टेट ईवीएम नोडल पदाधिकारी देवदास दत्ता, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी बिवेक कुमार सुमन समेत निर्वाचन शाखा के कई अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।


