दलादली, रिंग रोड और कांके रोड में चला अभियान
जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी के नेतृत्व में जांच अभियान चलाया गया। परिवहन विभाग की टीम ने दलादली, रिंग रोड और कांके रोड क्षेत्र में वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों की जांच की।
इस दौरान रोड टैक्स, फिटनेस प्रमाण पत्र, इंश्योरेंस, परमिट और प्रदूषण प्रमाण पत्र समेत अन्य जरूरी कागजातों की पड़ताल की गई।
ओवरलोडिंग और अधूरे कागजात पर हुई कार्रवाई
जांच के दौरान कई वाहनों के जरूरी दस्तावेज अपडेट नहीं मिले। वहीं, कुछ वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक माल लोड कर चलते पाए गए। परिवहन विभाग ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन मालिकों और चालकों के खिलाफ कार्रवाई की।
जरूरी दस्तावेज पूरे नहीं होने के कारण तीन वाहनों को जब्त कर कांके रोड स्थित टीओपी परिसर में सुरक्षित रखा गया। अन्य दोषी वाहन मालिकों से जुर्माने की राशि वसूली गई।
वाहन मालिकों को दी गई सख्त हिदायत
जिला परिवहन पदाधिकारी ने वाहन मालिकों और चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के सभी जरूरी दस्तावेज अपडेट रखें। निर्धारित क्षमता के अनुसार ही माल का परिवहन करें और यातायात नियमों का पालन करें।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा और परिवहन नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए जिले में आगे भी जांच अभियान जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


