अमरावती: आंध्र प्रदेश में रविवार को 100 शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबी) के लिए मतदान जारी है। अधिकारियों ने बताया कि मतदान कुल मिलाकर शांतिपूर्ण हैं, हालांकि कडप्पा जिले में हिंसा की कुछ घटनाएं सामने आई हैं। अधिकारियों ने बताया कि सुबह सात बजे मतदान शुरू होते ही मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे। मतदान शाम पांच बजे तक चलेगा। इन चुनाव के तहत विजयवाड़ा और विशाखापत्तनम समेत 13 नगर निकायों, 87 नगरपालिकाओं और नगर पंचायतों में मतदान हो रहा है।

कडप्पा जिले के पुलिवेंदुला में सत्तारूढ़ तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) और युवजन श्रमिक रायथु कांग्रेस पार्टी (वाईएसआर) के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। कुर्नूल रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) कोया प्रवीण ने बताया कि दोनों राजनीतिक दलों के समर्थकों के बीच पथराव की घटनाएं हुईं। उन्होंने कहा कि पुलिस स्थिति सामान्य करने के प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि हालांकि, झड़प में किसी के घायल होने की तत्काल कोई जानकारी नहीं मिली है।

उन्होंने बताया कि पुलिवेंदुला में करीब 1,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन का भी इस्तेमाल किया जा रहा है और पुलिस किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। पुलिस ने बताया कि चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मतदान केंद्रों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। कुल 4,372 स्थानों पर 36,351 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। वरिष्ठ अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकी जा सके और चुनाव प्रक्रिया सुरक्षित बनी रहे। इससे पहले भी नामांकन दाखिल करने के दौरान तेदेपा कार्यकर्ताओं और विपक्षी वाईएसआर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हिंसा हुई थी। इस संबंध में मामले दर्ज किए गए थे।


