हजारीबाग: हजारीबाग जिले में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती दी है। चरही थाना क्षेत्र के तापीन साउथ में देर रात आउटसोर्सिंग कंपनी के एक मैनेजर का अपहरण कर लिया गया। बताया जा रहा है कि इस वारदात को अंजाम देने के लिए अपराधी चार वाहनों में सवार होकर पहुंचे थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अपराधियों ने मौके पर पहुंचते ही कंपनी के मैनेजर को अपने कब्जे में ले लिया और उन्हें लेकर फरार हो गए। अचानक हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वारदात की खबर फैलते ही क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। फिलहाल अपहरण के पीछे की वजह, अपराधियों की पहचान और अपहृत मैनेजर के बारे में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। मामले से जुड़ी अन्य जानकारियों का इंतजार किया जा रहा है।



