झारखंड: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के नाम पर साइबर ठगी की कोशिश सामने आई है. साइबर अपराधी लोगों को फर्जी ई-मेल भेजकर उन्हें डराने और उनकी निजी जानकारी हासिल करने का प्रयास कर रहे हैं. ई-मेल में दावा किया जा रहा है कि SIR के दौरान दस्तावेजों में गड़बड़ी मिलने के कारण संबंधित व्यक्ति का नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची से हटा दिया गया है. नाम दोबारा जुड़वाने के लिए ई-मेल में दिए गए लिंक पर क्लिक कर व्यक्तिगत जानकारी और जरूरी दस्तावेज जमा करने को कहा जा रहा है. इसे देखते हुए झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने मतदाताओं को सतर्क रहने की अपील की है.

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जिला निर्वाचन पदाधिकारी या निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी की ओर से इस तरह के ई-मेल भेजकर किसी से प्रमाण-पत्र या दस्तावेज नहीं मांगे जा रहे हैं. ऐसे ई-मेल पूरी तरह भ्रामक हैं और इनके जरिए साइबर अपराधी लोगों को अपने जाल में फंसाने की कोशिश कर सकते हैं. इसलिए मतदाता किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें.



