जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे सिविल डिफेंस की ओर से शनिवार को एमडीडीटीआई में 70 रेलकर्मियों को सड़क सुरक्षा, गोल्डन ऑवर, प्राथमिक उपचार और आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया गया। इसमें कैरेज एंड वैगन, इंजीनियरिंग, ऑपरेटिंग, कमर्शियल और लोको शेड के कर्मचारी शामिल हुए। सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने कहा कि सड़क दुर्घटना के बाद शुरुआती कुछ मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। इस दौरान समय पर प्राथमिक उपचार और आपातकालीन सहायता मिलने से घायल की जान बचाई जा सकती है। प्रशिक्षण का उद्देश्य रेलकर्मियों को आपात स्थितियों में सजग और प्रशिक्षित बनाना है, ताकि वे जरूरत पड़ने पर जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाते हुए घायलों की मदद कर सकें।



