Jharkhand weather: नवंबर की शुरुआत के साथ ही झारखंड के मौसम ने अनोखा यू-टर्न ले लिया है। मौसम विभाग के मुताबिक, रांची, बोकारो, धनबाद, जमशेदपुर और गुमला समेत कई जिलों में बादलों का डेरा रहेगा और हल्की से मध्यम बारिश के पूरे आसार हैं। यानी छाते तैयार रखिए, क्योंकि बारिश का यह दौर अभी थमने वाला नहीं है.
लेकिन असली खेल तो तापमान के साथ हो रहा है! जहाँ अगले 3 दिनों में अधिकतम तापमान 3 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है, वहीं न्यूनतम पारा तेजी से नीचे लुढ़केगा। यानी दिन में हल्की गर्मी और सुबह-रात में ठिठुरन. डालटनगंज में तो पहले ही 22 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश दर्ज हो चुकी है और अब गोड्डा, पाकुड़ और जमशेदपुर में पारा 31 डिग्री तक पहुँचने का अनुमान है। 6 नवंबर तक मौसम का यह मिजाज ऐसा ही बना रहेगा।


