रांची: राजधानी रांची की पुलिस लाइन में जुआ खेलने का मामला सामने आने के बाद 10 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। आरोप है कि ये जवान वर्दी की मर्यादा और विभागीय अनुशासन को ताक पर रखकर जुआ खेलने और खिलाने में शामिल थे। मामले में सार्जेंट मेजर आनंद राज खलखो ने बताया कि पुलिस लाइन परिसर में जुआ खेलने की सूचना मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई है। निलंबन के साथ ही सभी आरोपियों के खिलाफ विभागीय और कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से पुलिस लाइन परिसर में ही कुछ पुलिसकर्मियों के अवैध रूप से जुआ खेलने और खिलाने की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों के आधार पर शनिवार को वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। टीम ने अचानक पुलिस लाइन में छापेमारी की और पहले से तय ठिकाने की घेराबंदी कर जुआ खेल रहे 10 पुलिसकर्मियों को रंगेहाथ पकड़ लिया।



