मामला तुपुदाना स्थित अजंता बॉटलर्स एंड ब्लेंडर्स प्राइवेट लिमिटेड का है। जानकारी के मुताबिक, शराब की खेप बोकारो स्थित जेएसबीसीएल भेजी जानी थी। इसके लिए ट्रक नंबर JH01CA-8807 को 29 अक्टूबर की सुबह करीब 8:30 बजे फैक्ट्री बुलाया गया था। ट्रक में शराब की लोडिंग पूरी हो गई, लेकिन विभागीय पोर्टल में तकनीकी खराबी के कारण ऑनलाइन परमिट जारी नहीं हो सका।

इसके बाद कंपनी के प्रतिनिधियों के निर्देश पर ट्रक को फैक्ट्री के बाहर खड़ा कर दिया गया। चालक को बताया गया कि 30 अक्टूबर को कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ट्रक लेकर बोकारो रवाना होना है।

लेकिन 30 अक्टूबर की शाम करीब 4:45 बजे जब ट्रक को भेजने की तैयारी हुई, तो वह निर्धारित जगह से गायब मिला। कंपनी के प्रतिनिधि जीत कुमार ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन ट्रक का कोई पता नहीं चला। चालक के मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की गई, मगर फोन स्विच ऑफ मिला।
ट्रांसपोर्टर एग्जीक्यूटिव दीपक कुमार सिंह ने ट्रक मालिक और चालक की मिलीभगत से शराब गायब किए जाने की आशंका जताई है। हालांकि, यह अभी आरोप और आशंका है। पूरे मामले की सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी।
इधर, ट्रक चालक नागेंद्र सिंह की पत्नी अंबिका देवी ने भी तुपुदाना ओपी में अपने पति के लापता होने की शिकायत दी है। उनका कहना है कि 29 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे पति से आखिरी बार बात हुई थी। उस समय उन्होंने बताया था कि ट्रक यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड के बाहर खड़ा है और परमिट नहीं मिलने के कारण चालान जारी नहीं हुआ है। इसके बाद से उनसे कोई संपर्क नहीं हो पाया।
मामले में 31 अक्टूबर को प्राथमिकी दर्ज की गई है। तुपुदाना ओपी प्रभारी सिद्धांत कुमार के अनुसार, ट्रक का चालक और मालिक एक ही व्यक्ति है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।


