बोकारो : बोकारो जिले के बीएस सिटी थाना क्षेत्र में साधु बनकर महिला से ठगी करने वाले दो सगे भाइयों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने कैंप टू निवासी बबीता देवी को आशीर्वाद देकर उनकी परेशानियां दूर करने का भरोसा दिलाया था।

जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपी महिला के घर खाना मांगने पहुंचे थे। खाना खाने के दौरान महिला ने अपनी परेशानी बताई। इसके बाद आरोपियों ने चमत्कार दिखाने के नाम पर सोने का मंगलसूत्र और कान के टॉप्स ले लिए। बदले में महिला को पीतल के 10 लॉकेट साड़ी में बांधकर दिए और शाम पांच बजे के बाद खोलने को कहा। बाद में महिला को ठगी का पता चला और उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने कांड संख्या 234/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। नगर डीएसपी राजीव रंजन के नेतृत्व में टीम ने दोनों को बालीडीह रेलवे स्टेशन के पास तंबू से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान बिहार के गया जिले के शम्भु लाठौर (30) और गयालाल लाठौर (25) के रूप में हुई है। पुलिस ने सोने के गहने, 40 पीतल के लॉकेट, ताबीज, अंगूठियां और रंगीन पत्थर बरामद किए। डीएसपी ने लोगों से ऐसे ठगों से सावधान रहने की अपील की।


