जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह छात्र अपने हॉस्टल की आठवीं मंजिल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद संस्थान के छात्रों और प्रशासन की मदद से उसे तत्काल अशर्फी अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रतीक राजकुमार IIT-ISM के 15 मंजिला हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। वह पेट्रोलियम इंजीनियरिंग विभाग का अंतिम वर्ष का छात्र था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल छात्र की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस हॉस्टल में हुए घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। साथ ही छात्र के मोबाइल फोन की जांच और उसके दोस्तों व परिचितों से पूछताछ भी की जा रही है।
संस्थान प्रशासन भी अपने स्तर पर मामले की जानकारी जुटा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
इस घटना ने एक बार फिर देश के तकनीकी संस्थानों में छात्रों की मानसिक सेहत और कैंपस में उपलब्ध सहायता व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2020-21 से 2024-25 के बीच देश के 23 IIT में छात्रों की आत्महत्या के 45 मामले दर्ज किए गए। इनमें 28 मामले एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के छात्रों से जुड़े थे। इसी अवधि में आठ अप्राकृतिक मौतें भी दर्ज की गईं।
वहीं, राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2024 में देशभर में 14,488 छात्रों की आत्महत्या के मामले दर्ज हुए।


