रांची: झारखंड के मजदूरों के लिए बड़ी खबर है। राज्य सरकार ने नवंबर 2026 से न्यूनतम मजदूरी की नई दरें लागू कर दी हैं। नई दरों के तहत अब अलग-अलग श्रेणियों में काम करने वाले मजदूरों को पहले से निर्धारित नई मजदूरी मिलेगी। सरकार ने न्यूनतम मजदूरी तय करने के लिए पिछले छह महीने के कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (CPI) को आधार बनाया है। नई व्यवस्था के तहत पूरे झारखंड को तीन श्रेणियों- A, B और C में बांटा गया है। इन श्रेणियों के आधार पर ही मजदूरों की न्यूनतम मजदूरी तय की गई है।

इन इलाकों को रखा गया है A, B और C श्रेणी में
A श्रेणी: इसमें रांची नगर निगम, चास नगर निगम, धनबाद नगर निगम, देवघर नगर निगम, हजारीबाग नगर निगम, मानगो नगर निगम, जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र, जुगसलाई नगर परिषद और आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र को शामिल किया गया है।

B श्रेणी: A श्रेणी में शामिल क्षेत्रों को छोड़कर राज्य के अन्य जिलों के सभी नगर निकाय क्षेत्र B श्रेणी में आएंगे।
C श्रेणी: राज्य के नगर निकाय क्षेत्रों को छोड़कर बाकी सभी इलाकों को C श्रेणी में रखा गया है।
अब किस श्रेणी के मजदूरों को कितनी मिलेगी मजदूरी?
सरकार की ओर से जारी नई दरों के मुताबिक, A श्रेणी के क्षेत्रों में काम करने वाले अकुशल मजदूरों को अब 523 रुपये प्रतिदिन मिलेंगे। इस हिसाब से उनकी मासिक मजदूरी 13,586 रुपये होगी। वहीं, अतिकुशल मजदूरों को 833 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से हर महीने 21,656 रुपये मिलेंगे। B श्रेणी के क्षेत्रों में अकुशल मजदूरों की दैनिक मजदूरी 498 रुपये तय की गई है। इसके हिसाब से उन्हें महीने में 12,947 रुपये मिलेंगे। वहीं, अति कुशल मजदूरों को 795 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से कुल 20,669 रुपये मासिक मजदूरी मिलेगी। इसी तरह C श्रेणी के क्षेत्रों में काम करने वाले अकुशल मजदूरों को प्रतिदिन 475 रुपये मिलेंगे। उनकी मासिक मजदूरी 12,337 रुपये तय की गई है। जबकि अतिकुशल मजदूरों को 757 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से हर महीने 19,682 रुपये मिलेंगे। इस तरह नवंबर 2026 से झारखंड में न्यूनतम मजदूरी की नई दरें प्रभावी हो गई हैं। मजदूरों को मिलने वाली मासिक मजदूरी अब उनके कार्यक्षेत्र की श्रेणी और कुशलता के स्तर के आधार पर तय होगी।


