दिल्ली की सीमाओं पर 7,657 वाहनों की जांच, प्रदूषण मानकों का उल्लंघन करने वाले 609 वाहनों को लौटाया

दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण के लिए ग्रैप के तहत 7,657 वाहनों की जांच हुई। बीएस-6 मानकों का उल्लंघन करने वाले 609 वाहन वापस लौटाए गए, सीमाओं पर लगा भीषण जाम।

News Aroma
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नयी दिल्ली: दिल्ली में वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए ‘चरणबद्ध प्रतिक्रिया कार्य योजना’ (ग्रैप) के तहत बीएस-6 मानक से कम वाले वाहनों के प्रवेश पर रोक के बीच यातायात पुलिस की उत्तरी रेंज ने 7,657 वाहनों की जांच की और नियमों का पालन नहीं करने वाले 609 वाहनों को दिल्ली की सीमाओं से ही वापस लौटा दिया। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। दिल्ली यातायात पुलिस की उत्तरी रेंज के उपायुक्त (डीसीपी) सचिन कुमार सिंघल ने बताया कि विभिन्न सीमावर्ती बिंदुओं पर विशेष जांच दल तैनात किए गए थे और 31 अक्टूबर की मध्यरात्रि 12 बजे से दो नवंबर की दोपहर 12 बजे तक यह अभियान चलाया गया।

उन्होंने बताया कि इस दौरान कुल 7,657 वाहनों की जांच की गई, जिनमें से निर्धारित उत्सर्जन मानकों का पालन नहीं करने वाले 609 वाहनों को दिल्ली में प्रवेश करने से रोकते हुए सीमा से ही वापस भेज दिया गया।
यातायात पुलिस ने कहा कि यह अभियान ग्रैप के तहत लागू वाहन संबंधी प्रतिबंधों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए चलाया गया था।

इस बीच दिल्ली की अंतरराज्यीय सीमाओं पर सघन वाहन जांच के कारण शहर को पड़ोसी राज्य हरियाणा और उत्तर प्रदेश से जोड़ने वाली सड़कों पर सोमवार को गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं।
दिल्ली-गुरुग्राम, दिल्ली-नोएडा, दिल्ली-गाजियाबाद, दिल्ली-सोनीपत और दिल्ली-नजफगढ़ सीमाओं सहित कई प्रवेश स्थानों पर भारी जाम की सूचना है।

दिल्ली-गुरुग्राम सीमा पर विशेष रूप से भारी जाम देखा गया, जबकि एनएच-48 पर सिरहौल टोल प्लाजा के पास कई किलोमीटर तक यातायात बाधित रहा। जाम ने मुख्य मार्ग और सर्विस रोड को भी प्रभावित किया।
नोएडा और गाजियाबाद के पास भी इसी तरह के यातायात जाम की सूचना मिली है, जहां प्रतिबंधों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए जांच के दौरान वाहनों को रोका गया था।

आया नगर सीमा में दिल्ली यातायात पुलिस और परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीमों ने जांच तेज कर दी और उन वाहनों को वापस कर दिया जो निर्धारित बीएस-छह उत्सर्जन मानकों को पूरा नहीं करते हैं।
दिल्ली यातायात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि विभिन्न सीमाओं पर प्रदूषण-नियंत्रण दिशानिर्देशों का पालन किया जा रहा हैं। साथ ही बीएस-छह मानकों से नीचे के वाहनों को वापस भेजा जा रहा है।

शीतकालीन प्रदूषण-नियंत्रण उपायों के तहत प्रतिबंध एक नवंबर को लागू हुए। नई व्यवस्था के तहत, दिल्ली के बाहर पंजीकृत पेट्रोल और डीजल के बीएस-छह मानक से नीचे वाले वाहनों के राष्ट्रीय राजधानी में प्रवेश करने पर प्रतिबंध है।
बीएस छह अनुपालक वाहनों के साथ-साथ इलेक्ट्रिक और सीएनजी वाहनों को प्रतिबंधों से छूट दी गई है।

Share This Article