धनबाद: पंचेत के बाद अब मैथन डैम में भी सोलर पावर प्लांट लगाने को लेकर विरोध शुरू हो गया है। गोगना छठ घाट के पास सोलर प्लांट के उपकरण लेकर पहुंचे दो ट्रेलरों को ग्रामीणों ने रोक दिया। ग्रामीणों ने उपकरण उतारने नहीं दिए। सूचना मिलते ही मैथन पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। ग्रामीणों का कहना है कि मैथन डैम में नाव चलाने, मछली पकड़ने और पर्यटन के कारोबार से सैकड़ों परिवारों की आजीविका जुड़ी है। ऐसे में सोलर प्लांट स्थापित होने से उनका रोजगार प्रभावित हो सकता है। ग्रामीणों ने परियोजना से पर्यावरण और मछलियों पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव को लेकर भी चिंता जताई।

विस्थापित नेता वासुदेव महतो ने स्पष्ट कहा कि ग्रामीण विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन विकास की कीमत स्थानीय लोगों को अपना रोजगार गंवाकर नहीं चुकानी चाहिए। हालांकि, गांव के कुछ लोग परियोजना के समर्थन में भी हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि उनकी मांगों को नजरअंदाज कर काम शुरू किया गया तो आसपास के गांवों के लोग एकजुट होकर आंदोलन करेंगे। फिलहाल इस पूरे मामले पर डीवीसी प्रबंधन का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।



