इन्फो एज के नेतृत्व में बदलाव से कारोबार की दिशा नहीं बदलेगी: बिखचंदानी

इन्फो एज में नेतृत्व परिवर्तन होने जा रहा है। हितेश ओबेरॉय के पद छोड़ने के बाद संस्थापक संजीव बिखचंदानी दो दिसंबर से समूह सीईओ की जिम्मेदारी संभालेंगे।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: रोजगार पोर्टल नौकरी.कॉम का संचालन करने वाली कंपनी इन्फो एज (इंडिया) के संस्थापक संजीव बिखचंदानी ने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया है कि नेतृत्व में बदलाव से कंपनी की रणनीतिक दिशा और कारोबारी गति प्रभावित नहीं होगी। कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) हितेश ओबेरॉय के दो दिसंबर को पद छोड़ने के बाद बिखचंदानी प्रबंध निदेशक और समूह सीईओ की जिम्मेदारी संभालने जा रहे हैं।

बिखचंदानी ने कंपनी के करीब 6,700 कर्मचारियों को भेजे संदेश में कहा, ”बदलाव के साथ निरंतरता भी है। हम आगे भी उसी स्पष्टता, प्रतिबद्धता और दृढ़ संकल्प के साथ काम करते रहेंगे।” ओबेरॉय करीब 27 साल तक कंपनी से जुड़े रहने के बाद शीर्ष परिचालन पद से हट रहे हैं। हालांकि, वह गैर-कार्यकारी निदेशक, शेयरधारक और सलाहकार के रूप में कंपनी से जुड़े रहेंगे।

बिखचंदानी ने ओबेरॉय के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने इन्फो एज को मौजूदा स्वरूप देने और व्यक्तिगत नेतृत्व से आगे टिके रहने वाला संस्थान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि कंपनी अगले एक-दो दशक में जो कुछ भी करेगी, उसमें ओबेरॉय की छाप रहेगी। बिखचंदानी फिलहाल कंपनी के संस्थापक एवं वाइस चेयरमैन हैं। वह दो दिसंबर से कार्यकारी वाइस चेयरमैन, प्रबंध निदेशक और समूह सीईओ की जिम्मेदारी संभालेंगे। उनकी नियुक्ति शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन होगी और प्रस्तावित कार्यकाल 26 अप्रैल, 2031 तक है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।