29 मई को हुई थी शादी, कुछ समय बाद शुरू हुई प्रताड़ना?
मृतका के चाचा के अनुसार, ममता कुमारी की शादी 29 मई 2026 को हिंदू रीति-रिवाज से विकास कुमार चौधरी के साथ हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल में उसे प्रताड़ित किया जाने लगा।
मायके वालों ने पति विकास कुमार चौधरी और ससुर छोटे लाल चौधरी पर आए दिन मारपीट करने और दहेज के लिए परेशान करने का आरोप लगाया है।
पहले भी हुई थी मारपीट, थाने तक पहुंचा था मामला
परिजनों का कहना है कि घटना से कुछ दिन पहले ममता के साथ गंभीर रूप से मारपीट की गई थी। आरोप के मुताबिक, उसके सिर, माथे और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई थीं और खून भी निकलने लगा था।
इस मामले में रेहला थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। बताया गया कि आपसी समझौते के बाद ममता को वापस ससुराल ले जाया गया। इसके बाद उसकी हालत को देखते हुए इलाज के लिए बनारस भी ले जाया गया, जहां कुछ दिनों तक रखने के बाद उसे वापस घर लाया गया।
3 नवंबर को संदिग्ध हालत में हुई मौत, शरीर पर मिले चोट के निशान
मायके पक्ष का आरोप है कि घर लौटने के बाद ममता की तबीयत और बिगड़ गई और आखिरकार 3 नवंबर को उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद मायके के लोग सदर अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट तैयार की।
रिपोर्ट में मृतका के पेट, पीठ और पैर पर चोट के निशान होने के साथ मुंह से खून आने की बात सामने आई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज!
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही ममता की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि ममता की मौत किन परिस्थितियों में हुई? क्या यह दहेज प्रताड़ना से जुड़ा मामला है या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है? पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो पाएगी।


