देहरादून: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में केदारताल ट्रेक पर करीब चार हजार मीटर की ऊंचाई पर भारी बर्फबारी और हिमस्खलन के कारण लापता पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के सात पर्वतारोहियों (ट्रेकर) तथा एक स्थानीय गाइड की तलाश के लिए चलाए जा रहे अभियान के चौथे दिन मंगलवार को दो लोगों के शव बरामद किए गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उत्तरकाशी जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) की संयुक्त पर्वतीय बचाव टीम (एमआरटी) को बर्फ में दबे एक महिला और एक पुरुष के शव मिले, जिन्हें काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।



