गुजरात: 438 करोड़ रुपये के मेफेड्रोन जब्ती मामले में मादक पदार्थ तस्कर सलीम डोला गिरफ्तार

गुजरात एटीएस ने 438 करोड़ रुपये के मेफेड्रोन जब्ती मामले में अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्कर सलीम डोला को गिरफ्तार किया, वडोदरा ड्रग फैक्टरी मामले में अब तक दस आरोपी गिरफ्तार।

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

अहमदाबाद : गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने तुर्किये से प्रत्यर्पित कर लाए गए अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्कर सलीम इस्माइल डोला को गिरफ्तार किया। डोला को इस साल की शुरुआत में भारत लाया गया था। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। डोला की गिरफ्तारी 2022 में वडोदरा की एक फैक्टरी से 438.64 करोड़ रुपये मूल्य का मेफेड्रोन जब्त किए जाने के मामले में हुई।

अधिकारियों के अनुसार, डोला मादक पदार्थ बनाने में कथित तौर पर इस्तेमाल होने वाले रसायनों की आपूर्ति करता था और बाद में तैयार मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री भी करता था। उन्होंने बताया कि डोला के गिरोह के सदस्य मादक पदार्थों को कानूनी रूप से निर्यात किए जाने वाले सामान से भरे कंटेनरों में छिपाकर विदेश भेजते थे और इस कारोबार को अंजाम देने के लिए गंतव्य देशों में फर्जी कंपनियां भी बनाई गई थीं। इस साल अप्रैल में स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) सलीम डोला को तुर्किये से भारत वापस लाया था। डोला को मार्च 2024 में भारत के अनुरोध पर जारी इंटरपोल के रेड नोटिस के आधार पर तुर्किये में गिरफ्तार किया गया था।

दाऊद इब्राहिम का करीबी सहयोगी बताया जाने वाला डोला भारत में मादक पदार्थों की तस्करी का आरोपी है और उस पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी का नेटवर्क संचालित करने का भी आरोप है। एटीएस के सहायक पुलिस आयुक्त एसएल चौधरी ने बताया कि गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने 31 अक्टूबर को डोला को हिरासत में लिया था।एटीएस ने एक दिसंबर 2022 को वडोदरा जिले के सिंधरोत गांव के पास मादक पदार्थ बनाने वाली एक इकाई पर छापा मारा था और वहां से 87.728 किलोग्राम मेफेड्रोन (एमडी) जब्त किया था।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 438.64 करोड़ रुपये आंकी गई थी। इस मामले में स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अब तक कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।