साहिबगंज : सकरीगली रेलवे रैक साइडिंग नंबर-6 में मजदूरों और मेसर्स आलोक स्टोन प्रबंधन के बीच उत्पन्न श्रम विवाद को लेकर झारखंड मजदूर संघ प्रजातांत्रिक की जिला कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कमेटी सदस्य मुन्ना यादव ने की। इसमें मजदूरों एवं प्रबंधन से जुड़े विवादों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मजदूरों ने आरोप लगाया कि रैक प्लेसमेंट को लेकर श्रमिक मुन्ना यादव और प्रबंधन के मुंशी रंजय झा के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान कथित रूप से गाली-गलौज किए जाने से मजदूरों में नाराजगी है। मजदूरों ने बताया कि स्टोन चिप्स की आपूर्ति समय पर नहीं होने के कारण उन्हें करीब चार घंटे इंतजार करना पड़ता है। इसके बावजूद कई बार बिना काम दिए वापस भेज दिया जाता है और लोडिंग का कार्य जेसीबी मशीन से कराया जाता है। मजदूरों का कहना था कि जब वे वैगन में आधे से अधिक माल लोड कर चुके थे और आपूर्ति में देरी प्रबंधन की ओर से हुई तो उन्हें पूरी निर्धारित मजदूरी मिलनी चाहिए। संघ के केंद्रीय महामंत्री राजकुमार यादव ने कहा कि मजदूरों के श्रम अधिकारों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने न्यूनतम मजदूरी के भुगतान के साथ बिजली, पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो 23 नवंबर को मालदा डीआरएम कार्यालय के समक्ष मजदूरों की मांगों को उठाया जाएगा और रेलवे प्रशासन को पूरे मामले से अवगत कराया जाएगा। बैठक में विजय यादव, राकेश राव, संजय रजक, धर्मेंद्र चौधरी सहित अन्य मौजूद थे।



