Palamu News : पलामू जिले में अपराधियों ने दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। मेदिनीनगर में बैंक से चार लाख रुपये निकालकर घर लौट रही एक महिला का रुपयों से भरा झोला छीनकर अपराधी फरार हो गए। आखिर कहां हुई यह वारदात और क्या CCTV कैमरे में कैद हुए लुटेरे?
मिली जानकारी के अनुसार, चैनपुर थाना क्षेत्र के सलतुआ गांव की रहने वाली ललिता देवी बुधवार को मेदिनीनगर स्थित पंजाब नेशनल बैंक से चार लाख रुपये निकालकर घर लौट रही थीं। बताया जा रहा है कि यह रकम उनके पति भोला साव के ऑपरेशन और मजदूरी भुगतान के लिए थी।
इसी दौरान उनके ससुर बाजार में सब्जी खरीदने चले गए। तभी तीन कोनिया गैरेज के पास एक युवक अचानक महिला के हाथ से रुपयों से भरा झोला छीनकर फरार हो गया।
घटना के बाद महिला ने शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी मौके से भाग चुका था। सूचना मिलते ही शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पीड़िता का दावा है कि फुटेज में झोला छीनने वाला युवक और उसका एक साथी दिखाई दे रहे हैं। महिला ने एक संदिग्ध की पहचान करने की बात भी कही है। हालांकि, पुलिस ने इस पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।


