ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे जिले की देहात पुलिस ने कथित बदमाश दिग्विजय उर्फ दिग्या पिसाल एवं उसके तीन साथियों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक अनमोल मित्तल ने बताया कि जिला पुलिस ने फरार अपराधियों को पकड़ने के लिए एक विशेष अभियान शुरू किया है। अधिकारी ने बताया कि बुधवार को कुख्यात ‘डी गैंग’ का सरगना पिसल अंबरनाथ के साई वलीवली इलाके में मौजूद होने की गुप्त जानकारी मिलने के बाद अपराध शाखा की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची।

उनके मुताबिक, इसके बाद पिसल और एक नाबालिग सहित उसके तीन साथी एक एसयूवी में सवार होकर जंभुल गांव की ओर भाग निकले और बाद में, उन्होंने गाड़ी को एक खुले जंगल में छोड़ दिया और फरार हो गए। उनके अनुसार, पुलिस टीम ने पीछा कर बदलापुर निवासी साहिल दत्ता जाधव (19), ऋतुराज संतोष राठौड़ (19) और एक नाबालिग को पकड़ लिया, जबकि पिसाल भाग निकला। उन्होंने बताया कि बाद में उसे मुंबई के दहिसर इलाके से पकड़ लिया गया। एसयूवी से दो देसी पिस्तौल और सात कारतूस बरामद किए गए जबकि पिसाल के पास से एक और हथियार मिला। अधिकारी ने बताया कि कुलगांव थाने में आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।



