मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में बृहस्पतिवार सुबह अनियंत्रित होकर खेत में घुसी तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से पिता-पुत्र समेत एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि हादसा राया थाना क्षेत्र के गजू गांव के पास भरतपुर-पीलीभीत राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ।

पुलिस उपाधीक्षक संजीव कुमार राय ने बताया कि सुबह करीब आठ बजे गजू गांव निवासी जवाहर सिंह (70), उनके बेटे हरवीर सिंह (45) और नाती अंकित (24) खेत में अपने पूर्वजों की समाधि का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण करा रहे थे।
उन्होंने बताया कि इसी दौरान अलीगढ़ से वृंदावन जा रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर खेत में घुस गई और तीनों को कुचलते हुए कुछ दूरी पर जाकर पलट गई।
अधिकारी ने बताया कि हादसे में जवाहर, हरवीर और अंकित की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कार चालक अमन शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया।
राय ने बताया कि घायल चालक को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया जबकि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस उपाधीक्षक के अनुसार, चालक ने पूछताछ में बताया कि गाड़ी चलाते समय उसे नींद की झपकी आ गई थी, जिससे वह कार पर नियंत्रण खो बैठा।
हादसे की जानकारी मिलते ही गांव में शोक और आक्रोश फैल गया।
नाराज ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाया, जिसके बाद काफी मशक्कत से यतायात बहाल किया जा सका।


