Jharkhand Weather: झारखंड में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। सुबह और शाम के समय तापमान में गिरावट के कारण ठंड महसूस होने लगी है। गुरुवार सुबह भी शहर के कई इलाकों में धुंध और कुहासा देखने को मिला। हालांकि, सूरज निकलने के बाद धीरे-धीरे कुहासा छंट गया। सुबह की ठंड से बचने के लिए मॉर्निंग वॉक पर निकले लोग गर्म कपड़ों में नजर आए।

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में रांची के न्यूनतम तापमान में और गिरावट हो सकती है। इसका असर खासकर सुबह और रात के समय देखने को मिलेगा। वहीं, दिन में धूप निकलने और आसमान साफ रहने से मौसम सामान्य बना रहेगा।

17 डिग्री तक पहुंच सकता है न्यूनतम तापमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 6 नवंबर को रांची का न्यूनतम तापमान 17 डिग्री और अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। सुबह धुंध या कुहासा छाया रह सकता है, जबकि दिन में आसमान साफ रहेगा।
वहीं, 7 और 8 नवंबर को भी मौसम में किसी बड़े बदलाव का अनुमान नहीं है। इन दोनों दिनों में न्यूनतम तापमान करीब 17 डिग्री और अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। सुबह हल्का कुहासा रहेगा, जबकि दोपहर में धूप निकलने की संभावना है।
फिलहाल बारिश की संभावना नहीं
मौसम विभाग के अनुसार, 6 से 8 नवंबर तक रांची में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इस दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है। दिन में धूप के कारण मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन सुबह और रात में ठंड का असर बढ़ सकता है। ऐसे में सुबह और देर रात घर से बाहर निकलने वाले लोगों को गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी जाती है।


