Jharkhand Breaking News: खूंटी में तेज रफ्तार का कहर, ट्रेलर ने 7 लोगों को कुचला

News Aroma Desk
2 Min Read
Jharkhand Breaking News: खूंटी में तेज रफ्तार का कहर, ट्रेलर ने 7 लोगों को कुचला
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jharkhand Breaking News: झारखंड के खूंटी जिले के कर्रा में गुरुवार देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ। इस दुर्घटना में सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं और चार बच्चे शामिल हैं। वहीं, हादसे में दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

स्कूटी सवार को बचाने के दौरान हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कोशांबी कॉलोनी के पास एक स्कूटी सवार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ी में घुस गया था। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। कुछ लोग झाड़ी में फंसे युवक को बाहर निकालने में जुट गए, जबकि महिलाएं और बच्चे सड़क पर खड़े थे।

इसी दौरान तोरपा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क पर खड़े लोगों को कुचल दिया। हादसे के बाद चालक और खलासी ट्रेलर छोड़कर मौके से फरार हो गए।

हादसे में 7 लोगों की मौत

इस दुर्घटना में कसीला देवी, मान्हू देवी, अंजलि कुमारी, पाको देवी, तूती कुमारी, एक साल के सौरभ नायक और गोलू कुमार की मौत हो गई। हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की भी जान चली गई। स्थानीय निवासी बिरसा नायक ने बताया कि उनकी पत्नी कसीला देवी, बेटी अंजलि और एक साल के नाती सौरभ की इस दुर्घटना में मौत हुई है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। एक घायल का खूंटी सदर अस्पताल और दूसरे का तोरपा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, फरार ट्रेलर चालक और खलासी की तलाश की जा रही है।

Share This Article