रांची: झारखंड विधानसभा के आगामी सत्र को लेकर आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। विधानसभा अध्यक्ष के आदेश के बाद जारी अधिसूचना के अनुसार, 25 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे से विधानसभा का षष्ठम मानसून सत्र आयोजित होगा। यह सत्र दो दिनों तक चलेगा। इस दौरान कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सदन में चर्चा होने की संभावना है।
मानसून सत्र का होगा विस्तारित आयोजन
दरअसल, इससे पहले आयोजित मानसून सत्र को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था। उस समय सत्र का सत्रावसान नहीं किया गया था। इसी वजह से अब 25 नवंबर से होने वाली कार्यवाही को मानसून सत्र का विस्तारित सत्र माना जाएगा।
MMRD एक्ट में संशोधन के खिलाफ प्रस्ताव ला सकती है सरकार
इस दो दिवसीय सत्र में राज्य सरकार की ओर से केंद्र सरकार द्वारा MMRD एक्ट में किए गए संशोधन के विरोध में प्रस्ताव लाने और उसे पारित कराने की तैयारी है। इस मुद्दे पर सदन में चर्चा के बाद सरकार अपना पक्ष रख सकती है।
SIR के मुद्दे पर भी होगी चर्चा
विधानसभा के इस सत्र में SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) का मुद्दा भी महत्वपूर्ण रहने वाला है। राज्य सरकार इस विषय पर सदन में चर्चा कराएगी। साथ ही, परिस्थितियां अनुकूल रहने पर इस संबंध में प्रस्ताव पारित कराने की भी संभावना है।
पिछली कैबिनेट बैठक में लिया गया था फैसला
गौरतलब है कि झारखंड सरकार की पिछली कैबिनेट बैठक में विधानसभा का दो दिवसीय सत्र बुलाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई थी। अब विधानसभा सचिवालय की ओर से अधिसूचना जारी होने के बाद सत्र की तारीख और समय स्पष्ट हो गया है।


