पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के काफिले की गाड़ी से टकराई पुलिस सूमो, NH-33 पर हादसा

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के काफिले में एनएच-33 पर बड़ा हादसा, चावलीबासा के पास पुलिस की टाटा सूमो ने पीछे से मारी टक्कर; बाल-बाल बचे पूर्व सीएम।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
सरायकेला-खरसावां: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा शुक्रवार शाम सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए। रांची से जमशेदपुर लौटने के दौरान चौका थाना क्षेत्र के चावलीबासा के पास एनएच-33 पर उनके काफिले में शामिल पुलिस की टाटा सूमो उनकी कार से पीछे से टकरा गई। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा है।

अचानक काफिले के बीच आ गई दूसरी कार

मिली जानकारी के अनुसार, अर्जुन मुंडा शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे रांची से जमशेदपुर जा रहे थे। इसी दौरान चावलीबासा के पास एक कार अचानक उनके काफिले के बीच आ गई। स्थिति को देखते हुए पूर्व मुख्यमंत्री की गाड़ी के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए।

इसी दौरान पीछे चल रही पुलिस की टाटा सूमो चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सीधे अर्जुन मुंडा की कार से जा टकराया।

टक्कर से दोनों वाहनों को हुआ नुकसान

हादसे में अर्जुन मुंडा की कार का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, पुलिस की टाटा सूमो का अगला बायां पहिया भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त बताया जा रहा है। टक्कर के बाद घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए।

मौके पर पहुंची पुलिस, थाना प्रभारी ने लिया जायजा

घटना की जानकारी मिलते ही चौका थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने हादसे की जानकारी ली और पूरे मामले का जायजा लिया।

काफिले के लोगों का हाल जानकर रवाना हुए अर्जुन मुंडा

हादसे के बाद पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने अपने काफिले में मौजूद सभी लोगों का कुशल-क्षेम जाना। राहत की बात रही कि किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली। इसके बाद वह अपने निर्धारित गंतव्य के लिए रवाना हो गए।

इधर, अर्जुन मुंडा के काफिले की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर मिलने के बाद भाजपा के कई कार्यकर्ता भी घटनास्थल पर पहुंच गए। फिलहाल हादसे के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।