

Ranchi News: राजधानी रांची से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है। कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव और पूर्व विधायक अंबा प्रसाद का सरकारी आवास जिला प्रशासन ने खाली करा दिया है। इसके बाद अंबा प्रसाद ने उसी आवास परिसर में टेंट लगाकर रहने का फैसला किया है।
दरअसल, अंबा प्रसाद का एचईसी स्थित सरकारी आवास जिला प्रशासन की कार्रवाई के बाद खाली करा लिया गया। इस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने इसे भेदभावपूर्ण और अमानवीय बताया है।
अंबा प्रसाद का आरोप है कि प्रशासन ने आवास खाली कराने से पहले उन्हें कोई नोटिस तक नहीं दिया। उन्होंने बताया कि रांची में उनका अपना कोई मकान नहीं है। ऐसे में उन्होंने सरकार से किराये पर आवास उपलब्ध कराने की मांग भी की थी। इस संबंध में उन्होंने अपनी पार्टी को भी पत्र लिखा था।
वहीं, अंबा प्रसाद ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि कई पूर्व विधायक आज भी दो-दो सरकारी आवासों में रह रहे हैं, लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। फिर उनके ही आवास को खाली क्यों कराया गया?
उन्होंने यह भी बताया कि इसी घर से उनके भाई की शादी की तैयारियां चल रही थीं। लेकिन प्रशासन की अचानक हुई कार्रवाई से शादी की तैयारियों पर भी असर पड़ा है।
अंबा प्रसाद ने साफ कर दिया है कि इस घर से उनका खास लगाव है और वह दीपावली इसी आवास में मनाएंगी। इसके लिए उन्हें टेंट लगाकर ही क्यों न रहना पड़े।


