रांची: छठ पूजा के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने झारखंड के रास्ते दो पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। इनमें गोंदिया-पटना और विशाखापत्तनम-पटना पूजा स्पेशल शामिल हैं। दोनों ट्रेनों का परिचालन दोनों दिशाओं में दो-दो फेरे के लिए किया जाएगा। इससे छठ के दौरान घर जाने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

गोंदिया-पटना स्पेशल ट्रेन का शेड्यूल
ट्रेन संख्या 08895 गोंदिया-पटना पूजा स्पेशल 13 और 20 नवंबर को गोंदिया से दोपहर 12:30 बजे रवाना होगी। रास्ते में यह राउरकेला, हटिया, रांची, मूरी, बोकारो स्टील सिटी, धनबाद और जसीडीह होते हुए शनिवार को शाम 16:30 बजे पटना पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 08896 पटना-गोंदिया स्पेशल 14 और 21 नवंबर को पटना से शाम 18:10 बजे खुलेगी। यह रविवार सुबह 8:05 बजे रांची पहुंचेगी और 8:15 बजे आगे के लिए रवाना होगी। इस ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे।

विशाखापत्तनम-पटना स्पेशल का भी मिलेगा लाभ
दूसरी ट्रेन संख्या 08588 विशाखापत्तनम-पटना पूजा स्पेशल 15 और 22 नवंबर को विशाखापत्तनम से शाम 19:25 बजे रवाना होगी। अगले दिन रात 20:00 बजे यह पटना पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 08587 पटना-विशाखापत्तनम स्पेशल 16 और 23 नवंबर को पटना से रात 21:50 बजे प्रस्थान करेगी। ट्रेन बुधवार रात 00:30 बजे विशाखापत्तनम पहुंचेगी। यह ट्रेन जामताड़ा, मधुपुर और जसीडीह समेत निर्धारित स्टेशनों पर रुकेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए इसमें सामान्य, स्लीपर और वातानुकूलित श्रेणी के कोच उपलब्ध होंगे।


