रांची: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर रांची में तैयारियां तेज हो गई हैं। घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने में जुटा है। इसी कड़ी में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम भी अलर्ट हो गई है। मंगलवार सुबह NDRF के जवानों की विशेष टीम रांची के प्रसिद्ध धुर्वा डैम पहुंची। यहां जवानों ने सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अपनी मुस्तैदी दिखाई।

छठ के दौरान नदी, तालाब और डैम के किनारे बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचते हैं। ऐसे में गहरे पानी में जाने, डूबने और अन्य दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इन संभावित खतरों को देखते हुए NDRF की टीम ने धुर्वा डैम परिसर और आसपास के इलाकों में फ्लैग मार्च और रूट मार्च किया।

इस दौरान जवानों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ आपदा की स्थिति में तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू करने की तैयारियों का भी प्रदर्शन किया। छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। ऐसे में NDRF की सक्रियता से घाटों पर सुरक्षा इंतजाम और मजबूत होने की उम्मीद है।


