नई दिल्ली : लोकसभा के स्पीकर ओम बिरला ने बुधवार को संसद के संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में संसद के अध्ययन दौरे पर आए भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 78वें आरआर बैच (2025 बैच) के अधिकारियों के साथ संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारत की संसद और संसदीय प्रणाली हमारे लोकतंत्र की गौरवशाली पहचान हैं। संविधान विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका के दायित्वों को निर्धारित करते हुए न्याय, समानता और बंधुता पर आधारित शासन व्यवस्था का मार्गदर्शन करता है। श्री बिरला ने कहा कि कानून और नीतियों की वास्तविक सार्थकता उनके प्रभावी क्रियान्वयन में निहित होती है, जिसकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों पर होती है। युवा अधिकारियों से अपेक्षा है कि वे संवेदनशीलता, निष्पक्षता और जनसेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। कानून का उद्देश्य केवल व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के अधिकारों और गरिमा की रक्षा करना भी है। समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और सुरक्षा का विश्वास पहुँचाना ही लोकसेवा की वास्तविक कसौटी है। पुलिस सेवा में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी भी एक सकारात्मक परिवर्तन है। मुझे विश्वास है कि ये युवा अधिकारी अपनी निष्ठा, दक्षता और मानवीय दृष्टिकोण से राष्ट्रसेवा करते हुए सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों को और सुदृढ़ करेंगे।



