टीवी नरेंद्रन को मिली टाटा इंटरनेशनल की कमान, नोएल टाटा की जगह संभालेंगे चेयरमैन का पद

टाटा समूह में बड़े नेतृत्व बदलाव के तहत टीवी नरेंद्रन को टाटा इंटरनेशनल की कमान मिली है। नोएल टाटा के 70 वर्ष पूरे होने पर कई कंपनियों में नई नियुक्तियां हुई हैं।

5 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जमशेदपुर : टाटा समूह की कंपनियों में शीर्ष स्तर पर बड़ा फेरबदल हुआ है। टाटा स्टील के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) टीवी नरेंद्रन को अब टाटा इंटरनेशनल का नया चेयरमैन बनाया गया है। वह नोएल नवल टाटा की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे। उनकी नियुक्ति 12 नवंबर से प्रभावी हो गई है। जमशेदपुर में टाटा स्टील के नेतृत्व की जिम्मेदारी संभाल रहे टीवी नरेंद्रन के लिए यह नई भूमिका अंतरराष्ट्रीय कारोबार के क्षेत्र में एक और बड़ी जिम्मेदारी होगी। उन्हें माइनिंग और मेटल्स इंडस्ट्री में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वह पिछले करीब तीन दशक से टाटा स्टील से जुड़े हुए हैं।

दरअसल, नोएल टाटा 12 नवंबर को 70 वर्ष के हो गए हैं। टाटा समूह की कंपनियों में नॉन-एग्जीक्यूटिव और नॉन-इंडिपेंडेंट डायरेक्टर के लिए अधिकतम उम्र सीमा 70 वर्ष निर्धारित है। इसी नीति के तहत नोएल टाटा समूह की कई प्रमुख कंपनियों के बोर्ड से अलग हो गए हैं। हालांकि, वह टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन और टाटा संस के बोर्ड में नॉमिनी डायरेक्टर बने रहेंगे। टाटा इंटरनेशनल के बोर्ड ने उन्हें 12 नवंबर से चेयरमैन एमेरिटस नियुक्त किया है।

टाटा स्टील से अंतरराष्ट्रीय कारोबार तक नरेंद्रन का सफर

टीवी नरेंद्रन लंबे समय से टाटा स्टील के शीर्ष नेतृत्व का हिस्सा हैं। उनके पास माइनिंग, मेटल्स और औद्योगिक कारोबार का व्यापक अनुभव है। टाटा इंटरनेशनल की कमान मिलने के साथ अब उनकी जिम्मेदारी का दायरा और बढ़ेगा। टाटा इंटरनेशनल समूह की वैश्विक कारोबारी गतिविधियों से जुड़ी प्रमुख कंपनी है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2026 में शानदार वापसी करते हुए 73 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया है। जबकि वित्त वर्ष 2025 में कंपनी को 477 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। ऐसे में नरेंद्रन के सामने कंपनी की इस कारोबारी गति को आगे बढ़ाने की चुनौती होगी।

छह कंपनियों के बोर्ड से अलग हुए नोएल टाटा

नोएल टाटा 12 नवंबर से टाटा समूह की कई प्रमुख कंपनियों के बोर्ड से अलग हो गए हैं। इनमें टाटा स्टील के वाइस चेयरमैन, टाटा ट्रेंट के नॉन-एग्जीक्यूटिव चेयरमैन, वोल्टास के नॉन-एग्जीक्यूटिव चेयरमैन, टाटा इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन के नॉन-एग्जीक्यूटिव चेयरमैन, टाटा इंटरनेशनल के नॉन-एग्जीक्यूटिव चेयरमैन और टाइटन कंपनी के नॉन-एग्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन के पद शामिल हैं। इसके अलावा वह टाटा इंटरनेशनल की अन्य बोर्ड जिम्मेदारियों और वेस्ट एशिया डीएमसीसी के अध्यक्ष पद से भी अलग हो गए हैं। टाटा स्टील में नोएल टाटा का वाइस चेयरमैन पद फिलहाल खाली है। उनकी जगह किसी नई नियुक्ति की घोषणा नहीं हुई है। टाटा स्टील के चेयरमैन के रूप में एन चंद्रशेखरन अपनी जिम्मेदारी संभालते रहेंगे। वहीं, नोएल टाटा टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन बने रहेंगे।

वोल्टास की कमान सुनील डिसूजा को

टाटा समूह की प्रमुख कंपनी वोल्टास लिमिटेड में भी नेतृत्व परिवर्तन किया गया है। कंपनी के बोर्ड ने सुनील अलिक डिसूजा को 12 नवंबर से नया चेयरमैन नियुक्त करने की मंजूरी दी है। वह नोएल टाटा की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे। सुनील डिसूजा फिलहाल टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं सीईओ हैं। वह पहले से ही वोल्टास के बोर्ड में शामिल हैं। कंपनी ने नोएल टाटा के योगदान को देखते हुए उन्हें चेयरमैन एमेरिटस नियुक्त किया है।

वोल्टास में एमडी पद के लिए भी उत्तराधिकार योजना

वोल्टास ने मैनेजिंग डायरेक्टर पद के लिए भी उत्तराधिकार योजना तैयार कर ली है। वर्तमान एमडी मुकुंदन मेनन सीपी का कार्यकाल 24 मई 2027 को समाप्त होगा। इसके बाद वह सेवानिवृत्त हो जाएंगे। उनकी जगह रूम एयर कंडीशनर कारोबार के प्रमुख जयंत बालन को मैनेजिंग डायरेक्टर डेजिग्नेट बनाया गया है। उन्हें 25 मई 2027 से पांच वर्षों के लिए एडिशनल डायरेक्टर और मैनेजिंग डायरेक्टर नियुक्त किया गया है।

ट्रेंट और टाटा इन्वेस्टमेंट में भी बदलाव

टाटा समूह की अन्य कंपनियों में भी बदलाव हुआ है। लॉ फर्म एजे़डबी एंड पार्टनर्स के सह-संस्थापक बहराम वकील को ट्रेंट का नया चेयरमैन बनाया गया है। वह टाटा इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन के चेयरमैन का पद भी संभालेंगे। इस तरह नोएल टाटा के 70 वर्ष की उम्र पूरी करने के बाद समूह की कई कंपनियों में नए नेतृत्व को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।