

गार्ड ऑफ ऑनर के साथ हुआ स्वागत
DVC अध्यक्ष राजेश पांडेय के बोकारो थर्मल पहुंचने पर डीवीसी निदेशक भवन में उनका स्वागत किया गया। CISF की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। वरिष्ठ महाप्रबंधक एवं परियोजना प्रधान मधुकर श्रीवास्तव ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
इस मौके पर कार्यपालक निदेशक (परिचालन) संजीव श्रीवास्तव, कार्यपालक निदेशक (परियोजना) राजेश कुमार और अध्यक्ष के वरिष्ठ तकनीकी सलाहकार अमन ज्योति मौजूद रहे।
बिजली उत्पादन व्यवस्था का किया निरीक्षण
दौरे के दौरान अध्यक्ष ने 500 मेगावाट विद्युत उत्पादन इकाई के कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने बिजली उत्पादन और प्लांट के परिचालन की जानकारी ली। साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों से संवाद कर कामकाज की समीक्षा की।
इसके बाद उन्होंने बीटीपीएस के पुराने ‘ए’ प्लांट के ऐतिहासिक भवन और पुराने नियंत्रण कक्ष का भी अवलोकन किया। इस दौरान उन्हें केंद्र की औद्योगिक विरासत और तकनीकी विशेषताओं की जानकारी दी गई।
ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण की पहल
कार्यक्रम के दौरान वर्ष 1950 में प्रसिद्ध कलाकार नंदलाल बोस और सुरेंद्रनाथ कर द्वारा तैयार ऐतिहासिक शिलाखंड मोजेक भित्तिचित्र के संरक्षण एवं पुनर्स्थापन परियोजना का लोकार्पण किया गया।
अध्यक्ष राजेश पांडेय ने इस पहल पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि इस ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण कार्यक्रम का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व की बात है। इसका उद्देश्य डीवीसी की औद्योगिक और सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखना है।
महिलाओं को प्रशिक्षण और जरूरतमंदों को सहायता
इस दौरे में डीवीसी की प्रथम महिला श्रीमती शालिनी पांडेय भी मौजूद रहीं। उन्होंने मुख्य अतिथि के रूप में CSR के तहत स्थापित गतिविधि केंद्र का उद्घाटन किया।
उन्होंने ब्यूटीशियन प्रशिक्षण कक्ष, सिलाई केंद्र और कंप्यूटर केंद्र का निरीक्षण किया तथा प्रशिक्षण ले रही महिलाओं से बातचीत की।
कार्यक्रम के दौरान पांच पंचायतों के मुखियाओं और कर्पूरी उच्च विद्यालय के प्रधानाचार्य को अलमारियां भेंट की गईं। वहीं, मां का घर अनाथालय को वस्त्र प्रदान किए गए।
नए प्लांट और विकास को लेकर बढ़ी उम्मीदें
DVC अध्यक्ष के इस दौरे को बोकारो थर्मल के भविष्य के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नए पावर प्लांट की स्थापना, जमीन की समस्या के समाधान और विस्थापितों के मुद्दों पर दिए गए बयान से स्थानीय लोगों की उम्मीदें बढ़ी हैं।
कार्यक्रम में वरीय महाप्रबंधक एचआर ए. कुजूर, CSR प्रबंधक मनीष चौधरी, वरीय प्रबंधक पार्थो सारथी मुखर्जी, राजेश बिस्वास, उप महाप्रबंधक स्वास्थ्य डॉ. एसके झा, डॉ. अरविंद कुमार, सुनील कुमार, भैरव महतो, सुष्मिता बरनवाल समेत डीवीसी के कई अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


