Hazaribagh News: पत्रकारों के सम्मान की लड़ाई में जनप्रतिनिधियों की एंट्री, नगर आयुक्त के खिलाफ बढ़ा विरोध

हजारीबाग में पत्रकारों और नगर आयुक्त के बीच विवाद गहराया, प्रेस क्लब के समर्थन में उतरे जनप्रतिनिधि; डीडीसी को सौंपा ज्ञापन।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
हजारीबाग: हजारीबाग में पत्रकारों और नगर निगम के बीच विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। नगर आयुक्त पर पत्रकारों के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगने के बाद प्रेस क्लब का विरोध प्रदर्शन जारी है। खास बात यह है कि अब इस आंदोलन को जनप्रतिनिधियों और आम लोगों का भी समर्थन मिलने लगा है।
हजारीबाग प्रेस क्लब में आयोजित धरने में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों और जनप्रतिनिधियों ने शामिल होकर पत्रकारों के प्रति एकजुटता दिखाई। वहीं, गुरुवार को प्रेस क्लब के प्रतिनिधियों ने डीडीसी रिया सिंह से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और मामले में न्याय की मांग की।

क्या है पूरा विवाद?

पत्रकारों का आरोप है कि दो दिन पहले नगर आयुक्त ओमप्रकाश गुप्ता अचानक हजारीबाग प्रेस क्लब पहुंचे थे। वहां उन्होंने क्लब से जुड़े दस्तावेजों की मांग की और इस दौरान पत्रकारों के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया।

आरोप यह भी है कि नगर आयुक्त ने प्रेस क्लब के अध्यक्ष मुरारी सिंह को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की और पुलिस को भी क्लब परिसर में बुला लिया। इस घटना के बाद पत्रकारों में नाराजगी फैल गई।

खबर प्रकाशित होने के बाद बढ़ा विवाद?

बताया जा रहा है कि विवाद की पृष्ठभूमि में नगर निगम की कार्यशैली को लेकर प्रकाशित एक खबर भी है। बीते मंगलवार को पत्रकारों ने छठ महापर्व के दौरान स्टोन डस्ट गिराने से जुड़ी टेंडर प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए खबर प्रकाशित की थी।

पत्रकारों का कहना है कि इसके बाद शाम करीब 6 बजे प्रेस क्लब पहुंचकर दस्तावेज मांगना और जिस तरीके से बातचीत की गई, वह उचित नहीं था।

फिलहाल पत्रकार अपने सम्मान और न्याय की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। वहीं, इस विरोध को मिल रहे जनसमर्थन से मामला अब प्रशासनिक स्तर पर भी चर्चा का विषय बन गया है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।