

रांची: झारखंड डाक परिमंडल में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (SC-ST) कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई। अखिल भारतीय डाक SC/ST वेलफेयर एसोसिएशन के झारखंड परिमंडल के सर्किल सचिव ओम प्रकाश चौधरी ने डोरंडा स्थित झारखंड परिमंडल कार्यालय में निदेशक रेखा क्यू.ए. रिजवी से मुलाकात की।
इस दौरान ओम प्रकाश चौधरी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर निदेशक का स्वागत किया और नए पदभार के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुलाकात के दौरान एससी-एसटी कर्मचारियों से जुड़ी विभिन्न विभागीय समस्याओं पर विस्तार से बातचीत हुई। इसमें कर्मचारियों की पदोन्नति, आरक्षण नीति का सही तरीके से क्रियान्वयन और लंबे समय से लंबित मामलों के निष्पादन जैसे मुद्दे प्रमुख रहे।
कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान पर जोर
ओम प्रकाश चौधरी ने निदेशक के सामने एसोसिएशन के संगठनात्मक विषयों और कर्मचारियों के हितों से जुड़े मामलों को भी रखा।
इस दौरान कर्मचारियों की समस्याओं के शीघ्र निष्पादन और उनके न्यायसंगत समाधान पर जोर दिया गया। साथ ही विभागीय स्तर पर सकारात्मक संवाद और सार्थक पहल के माध्यम से लंबित मामलों को सुलझाने की बात कही गई।
मुलाकात में कर्मचारियों के अधिकारों और हितों से जुड़े मुद्दों पर आगे भी संवाद बनाए रखने पर चर्चा हुई।


