गोमो : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ और टिकटों की मांग के बीच रेलवे टिकटों की अवैध दलाली के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को RPF गोमो और CIB धनबाद की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर एक कथित टिकट दलाल को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से कुल 31 रेलवे टिकट बरामद किए गए, जिनका अनुमानित मूल्य करीब 1 लाख 75 हजार रुपये बताया गया है।

जानकारी के अनुसार, रेलवे टिकटों की अवैध खरीद-बिक्री पर रोक लगाने के लिए विभिन्न स्टेशनों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत RPF गोमो निरीक्षक प्रभारी विमल कुमार के नेतृत्व में CIB धनबाद की टीम ने मधुबन स्थित सिद्धांतयतन चेरिटेबल स्प्रिचुअल होम धर्मशाला में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान टीम ने एक व्यक्ति को रेलवे टिकटों के साथ पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 33 वर्षीय भाविक जसवंत के रूप में हुई है। वह महाराष्ट्र के मुंबई का निवासी बताया गया है। तलाशी के दौरान उसके पास से 31 रेलवे टिकट बरामद हुए। इन टिकटों की कुल अनुमानित कीमत 1.75 लाख रुपये आंकी गई है।

RPF ने गिरफ्तार आरोपी और बरामद टिकटों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेलवे न्यायालय, धनबाद के समक्ष प्रस्तुत किया है। छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की सुविधा और रेलवे टिकटों की कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से इस तरह के विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।


