

बोकारो: झारखंड के बोकारो जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में BTPS कर्मी की जान चली गई। घटना पेटरवार थाना क्षेत्र के NH-23 रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर झामुमो प्रधान कार्यालय के समीप हुई। हादसे में 58 वर्षीय प्रकाश लोहार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठे उनके भतीजे राहुल कुमार विश्वकर्मा बाल-बाल बच गए।
मिली जानकारी के अनुसार, पिरूवाटांड निवासी प्रकाश लोहार अपनी बेटी से मिलने और छठ महापर्व की खरीदारी करने रांची गए थे। शुक्रवार को वह अपने भतीजे के साथ बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान पेटरवार में सड़क पार करते समय पीछे से आ रहे कोयला लदे ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रकाश लोहार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए न्यू बस स्टैंड के पास उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पेटरवार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
छठ महापर्व की खुशियों के बीच हुए इस दर्दनाक हादसे से मृतक के परिवार में मातम पसरा है। वहीं, पूरे इलाके में शोक का माहौल है।


