

सिमडेगा: कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर नाबालिग युवती के साथ दुष्कर्म के आरोप को लेकर जिले में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को विधायक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आक्रोश मार्च निकालते हुए झूलन सिंह चौक पर विधायक भूषण बाड़ा का पुतला दहन किया और जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने आरोपी विधायक की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग उठाई। नेताओं का कहना था कि नाबालिग के साथ यौन अपराध का आरोप बेहद गंभीर है और प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस को जल्द कार्रवाई करनी चाहिए।
भाजपा एसटी मोर्चा के जिलाध्यक्ष राकेश रविकांत ने कहा कि आदिवासी समाज अपनी बेटियों के सम्मान और सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगा। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
वहीं, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रद्धानंद बेसरा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि एक तरफ पार्टी महिला सम्मान और आदिवासी अधिकारों की बात करती है, दूसरी तरफ उसके विधायक पर इस तरह का गंभीर आरोप लगना दुर्भाग्यपूर्ण है।
जिला परिषद उपाध्यक्ष सोनी पैंकरा ने भी मामले को गंभीर बताते हुए आरोपी विधायक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक पुरी ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन जल्द कार्रवाई नहीं करता है, तो पार्टी इससे भी बड़ा आंदोलन करेगी। प्रदर्शन में भाजपा के जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारियों सहित एसटी मोर्चा के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में पार्टी समर्थक शामिल हुए।


