सरायकेला-खरसावां : छठ महापर्व को देखते हुए आदित्यपुर पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था की है। घाटों पर उमड़ने वाली भीड़ और महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 60 महिला पुलिस जवानों को तैनात किया गया है। ये जवान छठ घाटों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार निगरानी कर रही हैं।

महिला जवानों की टीम को 30-30 के दो समूहों में बांटा गया है। दोनों समूह बाइक और पैदल गश्त कर रहे हैं, ताकि किसी भी घटना की सूचना मिलने पर तुरंत मौके पर पहुंचा जा सके। खास तौर पर छठ घाटों पर सुरक्षा का ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे व्रतियों को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

वहीं, आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार खुद सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रख रहे हैं। वे पुलिस बल के साथ अलग-अलग इलाकों का दौरा कर रहे हैं। पुलिस ने लोगों से शांतिपूर्वक पर्व मनाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है।


