दो दिन में लेवी दो, वरना काम बंद करो! घाटबाजार घाटी में उग्रवादी धमकी से दहशत

पश्चिमी सिंहभूम के आनंदपुर में सड़क निर्माण कार्य को निशाना बनाकर पीएलएफआई के नाम पर लेवी की पर्ची थमाने का मामला, पुलिस सुरक्षा के बीच काम दोबारा शुरू।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

PLFI Levy Extortion: झारखंड में उग्रवादी संगठन के नाम पर लेवी वसूली का मामला एक बार फिर सामने आया है। इस बार पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनंदपुर थाना क्षेत्र स्थित घाटबाजार घाटी में सड़क निर्माण कार्य को निशाना बनाया गया है।

यहां बाइक सवार तीन नकाबपोश युवकों ने हथियार का भय दिखाकर ग्रेडर मशीन के चालक को कथित तौर पर पीएलएफआई के नाम की लेवी पर्ची थमा दी। आरोपियों ने दो दिनों के भीतर निर्धारित रकम पहुंचाने की धमकी दी। साथ ही पैसे नहीं देने पर सड़क निर्माण कार्य बंद कराने की चेतावनी भी दी।

जानकारी के मुताबिक, कोलेबिरा से रायकेरा होते हुए मनोहरपुर तक एनएच-320जी सड़क का निर्माण बीकेएस इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी की ओर से कराया जा रहा है।

रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे घाटबाजार घाटी में ग्रेडर मशीन से काम चल रहा था। इसी दौरान लाल-काली पल्सर बाइक पर सवार तीन नकाबपोश युवक वहां पहुंचे। उन्होंने ग्रेडर चालक अशोक चौधरी को हथियार दिखाकर डराया और कथित तौर पर पीएलएफआई के नाम से लिखी लेवी की पर्ची थमा दी।

मामला यहीं नहीं रुका। आरोप है कि पर्ची देने के बाद युवकों ने ग्रेडर मशीन पर पेट्रोल छिड़ककर उसे आग लगाने की कोशिश भी की। हालांकि, उनका प्रयास सफल नहीं हुआ और मशीन सुरक्षित बच गई। घटना के बाद तीनों युवक मौके से फरार हो गए।

बताया जा रहा है कि चालक को दी गई पर्ची पर कथित तौर पर पीएलएफआई के लेटरहेड का इस्तेमाल किया गया था। पर्ची के नीचे ‘अनल दा’ का नाम भी अंकित होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, संगठन की वास्तविक संलिप्तता की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घटना की जानकारी मिलते ही मनोहरपुर डीएसपी डेविड ए. डोडराय और आनंदपुर थाना प्रभारी प्रिंस झा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य में लगे कर्मचारियों से पूछताछ की।

पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बाइक, हथियार और लेवी पर्ची से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।

वहीं, घटना के बाद निर्माण कार्य में लगे मजदूरों और कर्मचारियों के बीच डर का माहौल बन गया था। लेकिन सोमवार को आनंदपुर पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच घाटबाजार घाटी में सड़क निर्माण कार्य दोबारा शुरू करा दिया गया।

अब पुलिस के सामने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने और निर्माण कार्य में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की चुनौती है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।