अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ पर परिवार में विवाद!

Manu Shrivastava
3 Min Read
अमिताभ बच्चन
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन का मुंबई के जुहू स्थित बंगला ‘जलसा’ एक बार फिर चर्चा में है। इस बार वजह अमिताभ बच्चन का कोई फैन मोमेंट या फिल्म नहीं, बल्कि परिवार से जुड़ा संपत्ति विवाद है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमिताभ की छोटी भाई अजिताभ बच्चन की पत्नी रामोला बच्चन ने बंगले के मालिकाना हक को लेकर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि साल 1993 में जलसा की संपत्ति जया बच्चन के नाम ट्रांसफर करने से जुड़े दस्तावेज में उनकी सहमति नहीं ली गई थी।

रामोला ने दर्ज कराईं कई शिकायतें

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रामोला पिछले करीब सात महीनों से इस मामले में कई शिकायतें कर चुकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि महाराष्ट्र सरकार के प्रॉपर्टी कार्ड में दर्ज बंगले से उनका नाम हटाने और उसकी जगह जया बच्चन का नाम शामिल करने की कोशिश की गई। रामोला का दावा है कि 1993 की डीड को लेकर उनकी सहमति नहीं ली गई थी। हालांकि, इस पूरे विवाद पर अब तक बच्चन परिवार की ओर से कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में मामले से जुड़े आरोपों और दस्तावेजों की आधिकारिक स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।

फिल्म के बदले मिला था ‘मानसा’ बंगला

जलसा का इतिहास भी काफी दिलचस्प है। बताया जाता है कि अमिताभ बच्चन को यह बंगला पहले ‘मानसा’ नाम से मिला था। साल 1982 में आई फिल्म ‘सत्ते पे सत्ता’ के लिए निर्माता एनसी सिप्पी ने उन्हें यह बंगला फीस के तौर पर दिया था। बाद में अमिताभ ने इसे बेच दिया, लेकिन जया बच्चन की सलाह पर इसे अधिक कीमत देकर दोबारा खरीद लिया। इसके बाद बंगले का नाम जलसा रखा गया और गिफ्ट डीड के जरिए इसका मालिकाना हक जया बच्चन के नाम कर दिया गया।

150 करोड़ रुपये बताई जाती है कीमत

रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब 10 हजार वर्गफीट में फैले इस बंगले की मौजूदा कीमत लगभग 150 करोड़ रुपये बताई जाती है। यह सिर्फ बच्चन परिवार का घर नहीं, बल्कि मुंबई की चर्चित पहचान भी बन चुका है।

हर रविवार प्रशंसकों से मिलते हैं अमिताभ

जलसा की एक खास पहचान अमिताभ बच्चन की रविवार वाली परंपरा है। हर रविवार उनके प्रशंसक बंगले के बाहर जमा होते हैं और अभिनेता बाहर आकर उनका अभिवादन करते हैं। जुहू में स्थित इस बंगले के आसपास बच्चन परिवार के प्रतीक्षा और जनक जैसे अन्य घर भी हैं। रामोला बच्चन का जन्म 1947 में कोलकाता में हुआ था। वह फैशन डिजाइनर और उद्यमी हैं तथा भारत, अमेरिका और लंदन में पढ़ाई कर चुकी हैं।

Share This Article