Jharkhand IPS Promtion: झारखंड पुलिस विभाग से बड़ी खबर सामने आई है। राज्य पुलिस सेवा के पांच वरिष्ठ डीएसपी अधिकारियों को भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में प्रोन्नति मिलने का रास्ता साफ हो गया है। नई दिल्ली में 13 नवंबर को संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) में आयोजित प्रोन्नति समिति की बैठक में इन अधिकारियों के नामों पर सहमति बनी।

जानकारी के अनुसार, झारखंड सरकार ने राज्य पुलिस सेवा के 12 वरिष्ठ डीएसपी अधिकारियों के नाम आईपीएस में प्रोन्नति के लिए यूपीएससी को भेजे थे। इनमें से पांच अधिकारियों को आईपीएस संवर्ग के योग्य पाया गया है। हालांकि, प्रोन्नति पाने वाले पांच अधिकारियों के नामों की आधिकारिक जानकारी अब तक सार्वजनिक नहीं की गई है।

12 अधिकारियों के नाम भेजे गए थे UPSC को
प्रोन्नति के लिए जिन 12 अधिकारियों के नामों की अनुशंसा की गई थी, उनमें शिवेंद्र, राधा प्रेम किशोर, मुकेश कुमार महतो, निशा मुर्मू, सुरजीत कुमार, वीरेंद्र कुमार चौधरी, राहुल देव बड़ाईक, खीस्टोफर केरकेट्टा, प्रभात रंजन बरवार, अनूप कुमार बड़ाईक, समीर कुमार तिर्की और हीरालाल रवि शामिल हैं।
यूपीएससी बोर्ड ने इन अधिकारियों की पिछले दस वर्षों की वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट (ACR) समेत अन्य सेवा रिकॉर्ड की समीक्षा की। इसके बाद पांच अधिकारियों को प्रोन्नति के योग्य माना गया। बैठक में शामिल होने के लिए झारखंड के मुख्य सचिव, गृह सचिव और डीजीपी भी दिल्ली पहुंचे थे।
IPS कैडर में अधिकारियों की संख्या होगी 150
वर्तमान में झारखंड कैडर में कुल 145 आईपीएस अधिकारी कार्यरत हैं। इनमें राज्य पुलिस सेवा से प्रोन्नति पाकर आईपीएस बने अधिकारियों की संख्या 42 है। पांच नए अधिकारियों के शामिल होने के बाद यह संख्या बढ़कर 150 हो जाएगी।
झारखंड में आईपीएस संवर्ग के कुल 158 पद स्वीकृत हैं। ऐसे में नई प्रोन्नति के बाद केवल आठ पद रिक्त रह जाएंगे। हालांकि, आने वाले समय में कुछ अधिकारियों की सेवानिवृत्ति के कारण रिक्त पदों की संख्या बढ़ सकती है।


